
उदित वाणी, पटमदा : ‘खेलो झारखंड’ के तहत बुधवार को पटमदा के बीआरसी परिसर में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले के दौरान आदिवासी प्लस टू हाई स्कूल बांगुड़दा का छात्र तरुण महतो गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना शाम 4 बजे के बाद घटी, जब अंडर-17 बालक वर्ग के फाइनल में आदिवासी प्लस टू हाई स्कूल बांगुड़दा और मॉडल स्कूल पटमदा के खिलाड़ी आमने-सामने थे.
मुकरूडीह गांव निवासी विश्वनाथ महतो के पुत्र तरुण को गंभीर हालत में सबसे पहले शिक्षकों ने एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, वहां से बेहतर इलाज के लिए उसे टीएमएच रेफर कर दिया गया. खेल संचालन टीम के सदस्य प्रबोध कुमार महतो ने बताया कि तरुण अपने मामा लक्ष्मण महतो के घर रहकर पढ़ाई करता है. घायल छात्र के साथ फिलहाल विद्यालय के प्राचार्य सुजीत कुमार सेठ, खेल शिक्षक राहुल कुमार और अन्य शिक्षक मौजूद हैं.
तरुण के सिर पर गंभीर चोट आई है, उसका एक्सरे और सीटी स्कैन कराया गया है. फिलहाल छात्र का टीएमएच में इलाज चल रहा है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है.

