
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन का रीडेवलपमेंट कार्य जल्द शुरू होने जा रहा है। पहले चरण में टाटा गुड्स शेड का विकास होगा। शुक्रवार को स्टेशन परिसर का निरीक्षण करते हुए सीनियर डीसीएम आदित्य कुमार चौधरी ने बताया कि टाटा स्टेशन के नए भवन का फाइनल नक्शा और तीन नए प्लेटफॉर्म निर्माण का प्रस्ताव बोर्ड के पास भेजा गया है। अनुमोदन मिलते ही निर्माण कार्य आरंभ होगा।
उन्होंने कहा कि स्टेशन लगभग 200 एकड़ क्षेत्र में विकसित होगा। इसके लिए करीब 40 एकड़ जमीन खाली करानी होगी। यह प्रक्रिया क्रमशः चलेगी और अतिक्रमण जरूरत के अनुसार हटाया जाएगा। संकटा सिंह पेट्रोल पंप से होकर फ्लाईओवर बनेगा, जो केंद्रीय विद्यालय होते हुए सदर अस्पताल तक जाएगा। इसके लिए कई रेलवे क्वार्टर और दुकानें हटेंगी। लीजधारी दुकानदारों को रीडेवलपमेंट के बाद बनने वाले मॉल और दुकानों में समायोजित किया जाएगा। चौधरी ने कहा कि निर्माण के दौरान कुछ महीने यात्रियों को असुविधा हो सकती है, लेकिन बाद में स्टेशन विश्वस्तरीय स्वरूप लेगा।
पार्किंग और ड्रापिंग लाइन पर सख्ती
टाटानगर पार्किंग से जुड़ी शिकायतों पर रेलवे लगातार कार्रवाई कर रही है। अब तक 21 शिकायतें और 10 सुझाव प्राप्त हुए हैं। जांच के बाद व्यवस्था सुधार की जा रही है। ड्रापिंग लाइन में जुर्माना कम करने पर विचार चल रहा है। चौधरी ने कहा कि यात्री वाहन पार्किंग का उपयोग करें, केवल उतारने के लिए ड्रापिंग लाइन का प्रयोग करें।
हाथियों की सुरक्षा के लिए एआई तकनीक
रेलवे ने बंडामुंडा-बरसुआं सेक्शन में हाथियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एआई आधारित तकनीक लगाई है। हाथियों की गतिविधि की जानकारी रेलवे को मिलती है और ट्रेनों की रफ्तार कम कर दी जाती है। इसे धीरे-धीरे पूरे डिवीजन में लागू करने की योजना है।
दिसंबर में यार्ड का काम, तेज रफ्तार ट्रेनें
चौधरी ने बताया कि दिसंबर में टाटा यार्ड का एनआई वर्क होगा। इसके बाद आसनबनी से झारसुगड़ा तक ट्रेनें 130 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चलेंगी।
सुरक्षा पर फोकस: 20 कैमरे लगाए गए
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पीएस कुट्टी ने कहा कि ट्रेनों पर पथराव रोकने के लिए 20 सोलर ऑपरेटेड सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनमें से छह कैमरे टाटानगर के आसपास लगे हैं। साथ ही लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। कुट्टी ने बताया कि प्रतिदिन तीन से चार लोग और महीने में औसतन 70 लोग चेन पुलिंग के आरोप में पकड़े जाते हैं। उन्होंने अपील की कि लोग बिना वजह चेन पुलिंग से बचें।

