
उदित वाणी, जमशेदपुर : उलीडीह थाना क्षेत्र के गौड़बस्ती कृष्णानगर में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया. मृतक अमरनाथ सिंह के नवनिर्मित दो मंजिला घर में काम कर रहे एक मजदूर की ऊंचाई से गिरकर मौत हो गई. मृतक की पहचान बोड़ाम थाना क्षेत्र के भुला गांव निवासी कालीपद चित्रकार (45) के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार, कालीपद सुबह घर से काम पर निकले थे. दोपहर करीब एक बजे, बांस के भाड़ा पर काम करते समय अचानक पैर फिसलने से वह नीचे गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए. साथी मजदूरों ने तुरंत उन्हें एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
मृतक के छोटे भाई तपन चित्रकार ने बताया कि दोपहर में फोन पर सूचना मिली कि उनका बड़ा भाई गिरकर घायल हो गया है. जब वह अन्य परिजनों के साथ अस्पताल पहुंचे तो देखा कि कालीपद की मौत हो चुकी थी. घटना की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया.
परिजनों ने ठेकेदार पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि मजदूरों को बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के ऊंचाई पर काम कराया जा रहा था. यही कारण है कि कालीपद की जान चली गई.
इधर, घटना की सूचना मिलते ही उलीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.

