
उदित वाणी, जमशेदपुर : इंडियन नेशनल स्टील, मेटल, मेटल माइंस एंड इंजीनियरिंग इम्प्लाइज फेडरेशन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के पहले एजीएम किया गया, जिसमें चुनाव कराया गया. जी संजीवा रेड्डी को अध्यक्ष और रघुनाथ पांडेय को पुनः महासचिव चुन लिया गया. संजय सिंह को कार्यकारी अध्यक्ष चुना गया. फेडरेशन की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी को संबोधित करते हुए फेडरेशन एवं इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष जी संजीवा रेड्डी ने कहा कि वर्तमान समय में ट्रेड यूनियन की भूमिका बदल रही है. अब मजदूर और मालिक एक दूसरे को दुश्मन की तरह नहीं देखते है, बल्कि साझेदार की तरह मानते है.
प्रबंधन को यूनियन और यूनियन को प्रबंधन की समस्याओं को समझना होगा, तभी उद्योग जीवित रहेंगे. मजदूरों को खुद को अपग्रेड करना होगा, स्किल सीखना होगा, मार्केटिंग जानना होगा. उन्होंने कहा कि प्रबंधन और यूनियन के बीच सौहार्दपूर्ण संबंधों में टाटा स्टील मिसाल है. मजदूर भी अब जागरूक हो रहे हैं. वे भी चाहते हैं कि इतना वेतन हो जिससे वे इज्जतदार की तरह जीवन यापन कर सकें. मजदूरों को विश्वास में लेकर ही आगे बढ़ेंगे.

