
उदित वाणी, पलामू : पलामू के मेदिनीनगर में कुख्यात गैंगस्टर डब्लू सिंह उर्फ गौतम कुमार सिंह ने पुलिस के समक्ष सरेंडर किया है. आत्मसमर्पण करने पर पुलिस अधीक्षक रिष्मा रमेशन ने डब्लू सिंह को अपराध की दुनिया से लौटने पर बधाई दी और मुख्यधारा में आने पर स्वागत किया. इसके बाद डब्लू सिंह को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया. गौतम कुमार सिंह उर्फ डब्लू सिंह मूल रूप से पलामू के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के फुलांग का रहने वाला है.
वर्ष 2006-07 से अपराध की दुनिया में सक्रिय रहा है. गैंगस्टर डब्लू सिंह का नेटवर्क पलामू, गढ़वा, लातेहार, चतरा, हजारीबाग, रामगढ़, रांची और जमशेदपुर समेत कई इलाकों में फैला हुआ था और इसके खिलाफ हत्या, अपहरण, फिरौती, रंगदारी के 35 से अधिक मामले दर्ज हैं. डब्लू सिंह को 2 हत्या के केस में आजीवन कारावास की सजा भी मिली है, लेकिन वो बेल पर जेल से बाहर था. इसी बीच 3 जून 2020 को मेदिनीनगर शहर में कुख्यात गैंगस्टर कुणाल सिंह की हत्या हुई थी, जिसमें गैंगस्टर डब्लू सिंह गिरोह पर हत्या का लगा था, जिसके बाद से डब्लू सिंह लगातार फरार चल रहा था.
गैंगस्टर डब्लू सिंह ने कहा कि झारखंड पुलिस की नीति से प्रभावित होकर वो अपराध की दुनिया छोड़कर समाज मुख्यधारा में लौट रहे हैं. डब्लू सिंह ने अन्य अपराधियों से भी अपील करते हुए कहा कि वो भी अपराध की दुनिया को छोड़ दें और अमन चैन से समाज में रहें.

