
उदित वाणी, जमशेदपुर : शुक्रवार रात शहर के बिष्टुपुर सर्किट हाउस गोलचक्कर के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। घटना में स्कूटी सवार युवती को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
घायल की पहचान बेबी ठाकुर (निवासी—बारीडी बस्ती, बजरंग चौक के पास) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह सोनारी स्थित आशियाना गार्डन में काम करती हैं। शुक्रवार देर रात वह अपनी ड्यूटी खत्म कर स्कूटी से घर लौट रही थीं। इसी दौरान गोलचक्कर के समीप पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी।
हादसे के बाद युवती सड़क पर गिरकर घायल हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें उठाकर टाटा मुख्य अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि टक्कर मारने वाला वाहन बिना रुके मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। बिष्टुपुर थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी चालक को पकड़ लिया जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सर्किट हाउस गोलचक्कर के पास रात्रि में वाहन तेज रफ्तार से गुजरते हैं। यहां ट्रैफिक नियंत्रण की व्यवस्था पर्याप्त नहीं होने के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से इस स्थान पर स्पीड ब्रेकर लगाने और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
इस घटना के बाद एक बार फिर शहर की सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों को आश्वस्त किया गया है कि दोषी को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।

