
उदित वाणी, जमशेदपुर: आरआईटी थाना के पास स्थित जागृति मैदान से पुलिस सब इंस्पेक्टर अरुण सिंह (उम्र: 58 वर्ष) का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। पंचनामा करने के बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक पुलिस सब इंस्पेक्टर अरुण सिंह पूर्व में आरआईटी थाना में पदस्थापित थे और वर्तमान में रांची से यहां थाना मालखाना का प्रभार सौंपने के लिए आए हुए थे। मृतक के शव को जागृति मैदान के उत्तरी छोर पर स्थित मुर्गा दुकान के पीछे से बरामद किया गया। बताया जा रहा है कि वे अगले साल अपनी सेवानिवृत्ति पर थे।
आज सुबह स्थानीय निवासियों ने मुर्गा दुकान के पास शव मिलने की सूचना आरआईटी पुलिस को दी, जिसके बाद शव की पहचान अरुण सिंह के रूप में की गई। आरआईटी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, और पुलिस सब इंस्पेक्टर की मौत के कारणों की जांच जारी है।

