उदित वाणी, जमशेदपुर : आजादनगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड संख्या-12 में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। मोहल्ले में खेलने के दौरान करीब 6 वर्षीय तस्बीह नाम की बच्ची पर अचानक एक आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ता इतनी तेजी से झपटा कि बच्ची संभल भी नहीं पाई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमले के दौरान कुत्ते ने बच्ची के चेहरे पर कई बार काटा। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत साहस दिखाते हुए बच्ची को कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया, लेकिन तब तक उसका चेहरा खून से लथपथ हो चुका था। तुरंत ही परिजन और पड़ोसी उसे नजदीकी डॉक्टर के पास लेकर गए, जहां उसके गाल पर 12 टांके लगाए गए।
घटना के बाद से पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि बीते कुछ महीनों से क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक प्रशासन की ओर से ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों पर हमले की आशंका बनी रहती है, जिससे लोग हर समय भयभीत रहते हैं।
इलाके के लोगों ने जिला प्रशासन और नगर निगम से तत्काल कार्रवाई की मांग की है, ताकि आवारा कुत्तों को पकड़ा जा सके और भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों। वहीं, डॉक्टरों ने तस्बीह को फिलहाल खतरे से बाहर बताया है, लेकिन चेहरे की चोट से उबरने में समय लगने की संभावना जताई है।


