
उदित वाणी, चांडिल: ईचागढ़ की विधायक सविता महतो सोमवार को झारखंड आंदोलन के प्रणेता, पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड के निर्माता दिशोम गुरु शिबू सोरेन के पैतृक गांव नेमरा पहुंचीं। उन्होंने गुरुजी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विधायक ने कहा, दिशोम गुरु का संघर्ष, त्याग और समाज के लिए किया गया योगदान झारखंड की आत्मा में बसा है। उनकी विचारधारा आने वाली पीढ़ियों को सदैव राह दिखाती रहेगी। श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद सविता महतो ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन से मुलाकात कर इस दुख की घड़ी में ढांढस बंधाया और शोक संवेदना व्यक्त की।
कार्यक्रम में झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलु महतो समेत कई कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे। नेमरा गांव का माहौल गुरुजी की यादों से भावुक हो उठा और उपस्थित लोग ‘झारखंड के शिल्पकार अमर रहें’ के नारों से गूंज उठे।

