
उदित वाणी, जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र के खड़गाझार में शुक्रवार रात अज्ञात चोरों ने धार्मिक स्थलों को निशाना बनाते हुए एक साथ तीन मंदिरों में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने श्री हनुमान मंदिर, श्री वीवीएस मंदिर और टीओपी परिसर स्थित जटाधारी शिव मंदिर से चांदी के मुकुट, छत्र, नकद रुपये और अन्य कीमती सामान गायब कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

सूत्रों के अनुसार, श्री वीवीएस मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक युवक हाथ में लोहे की रॉड लिए मंदिर में घुसता दिखाई दिया। चोरी की जानकारी सुबह मंदिर के पुजारियों और स्थानीय लोगों को लगी, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।
भाजपा नेता अंकित आनंद ने घटना पर नाराजगी जताते हुए ट्वीट कर पुलिस प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की। जवाब में जमशेदपुर पुलिस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से बताया गया कि मामले में संज्ञान लिया गया है और जांच व कार्रवाई जारी है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि इससे पहले भी शुक्रवार की रात एक अन्य मंदिर की दानपेटी का ताला तोड़कर नकद रकम चोरी की गई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं से लोगों में गहरा आक्रोश है। उनका कहना है कि मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से चोर बेखौफ वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। लोग पुलिस गश्त और सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।

