
उदित वाणी, जमशेदपुर: टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट की अधिकृत यूनियन टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को यूनियन कार्यालय में आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद ने की, जबकि विषय प्रवेश महामंत्री आर.के. सिंह ने कराया.
बैठक में वर्ष 2025 के बोनस, कंपनी में सुरक्षा तथा उत्पादन गुणवत्ता जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई. निर्णय लिया गया कि यूनियन प्रबंधन से बैलेंस शीट की मांग करेगी ताकि बोनस को लेकर बातचीत का रास्ता साफ हो सके. इसके लिए जल्द ही प्रबंधन को एक पत्र सौंपा जाएगा.
साथ ही, यह भी तय किया गया कि सभी डिवीजनों में सुरक्षा और गुणवत्ता को लेकर यूनियन प्रतिनिधि मजदूरों से सीधा संवाद स्थापित करेंगे. उनके सुझावों को सूचीबद्ध कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी. वहीं, अध्यक्ष और महामंत्री स्वयं विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर वास्तविक स्थिति का जायजा लेंगे, ताकि इन दोनों महत्वपूर्ण विषयों पर ठोस कार्ययोजना बनाकर सौ प्रतिशत सफलता सुनिश्चित की जा सके.

