
उदित वाणी, रांची : झारखंड के पैडमैन के नाम से मशहूर तरुण कुमार को “आइकॉन ऑफ झारखंड” अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार उन्हें रांची स्थित ऑड्रे हाउस सभागार में आयोजित जोहार संवाद 2025 कार्यक्रम के दौरान मिला। झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने इस सम्मान से तरुण कुमार को नवाजा।
तरुण कुमार, जो सामाजिक संस्था निश्चय फाउंडेशन के संस्थापक हैं, पिछले 15 वर्षों से झारखंड के ग्रामीण इलाकों में बच्चों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर काम कर रहे हैं। वे माहवारी स्वच्छता, जेंडर समानता और शिक्षा के क्षेत्र में लगातार कार्यरत हैं और उन्हें अब “पैडमैन भैया” के नाम से जाना जाता है।
इस सम्मान के बाद तरुण कुमार ने कहा कि हर पुरस्कार उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों के प्रति जिम्मेदारी को और भी बढ़ाता है। उन्होंने बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद सामूहिक भागीदारी और स्वयंसेवी प्रयासों से बुनियादी समस्याओं का समाधान निकाला जा सकता है।
जोहार संवाद कार्यक्रम के दौरान झारखंड के शिक्षा, स्वास्थ्य, विकास, संस्कृति और अन्य जनहित मुद्दों पर कई प्रमुख राजनीतिज्ञों और विशेषज्ञों ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रविंद्रनाथ महतो, कृषि एवं पशुपालन मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, दीपिका पाण्डेय सिंह, सरयू राय समेत कई अन्य विधायकगण और गणमान्य अतिथि उपस्थित थे। इस अवसर पर राज्य भर से शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक, सांस्कृतिक, सिनेमा और मीडिया क्षेत्र के सैकड़ों प्रतिनिधि भी मौजूद थे।

