
उदित वानी, जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र के नामदा बस्ती में शनिवार सुबह एक महिला की गला कटा शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 27 वर्षीय मनीषा कौर के रूप में हुई है, जो दो बच्चों की मां थीं। घटना के बाद से उसका पति गुरप्रीत सिंह उर्फ सागर फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम छापेमारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार, सुबह मोहल्लेवासियों ने मनीषा के घर से खून बहने और चीख-पुकार जैसी आवाजें सुनने के बाद दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची गोलमुरी पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां मनीषा का शव खून से लथपथ मिला। उसके गले पर धारदार हथियार से वार के निशान थे।
पुलिस को संदेह है कि मनीषा की हत्या उसके पति गुरप्रीत सिंह ने की है। प्रारंभिक जांच में घरेलू कलह और आपसी विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मनीषा और सागर की शादी नौ साल पहले प्रेम विवाह के तौर पर हुई थी। शादी के बाद दोनों नामदा बस्ती में रह रहे थे। उनके दो छोटे बच्चे हैं।
फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। पुलिस ने मृतका के बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
गोलमुरी थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पति की संलिप्तता से इनकार नहीं किया जा सकता। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पड़ोसियों ने बताया कि दंपती के बीच आए दिन विवाद होता था। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही घटना का पूरा सच सामने आ पाएगा।

