
उदित वाणी, रांची : सोमवार को मानसून सत्र के दौरान राज्य विधानसभा में जोरदार हंगामा होने के आसार दिखाई दे रहा है. विधानसभा में प्रमुख विपक्षी पार्टी भाजपा ने डा श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय और अटल मोहल्ला क्लीनिक का नाम बदलने समेत कई ज्वलंत मुद्यों पर तीखे तेवर अपनाने का निर्णय लिया है. पार्टी मुद्यों को चलते सत्र के दौरान प्रमुखता के साथ उठायेगी. मामनसून सत्र को लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की अध्यक्षता में शुक्रवार को पार्टी विधायक दल की बैठक आयोजित की गई.
बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए पार्टी के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने कहा कि हेमंत सरकार द्वारा डा श्यामा प्रसाद मुखर्जी व झारखंड निर्माता भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी जैसे महापुरूषों का नाम बदलकर उन्हें अपमानित करने का प्रयास कर रही है. जबकि यह उन महापुरुषों का अपमान नहीं, बल्कि देश और राज्य का अपमान है. उन्होंने कहा कि अटल मोहल्ला क्लीनिक का नाम बदलने के बजाय राज्य सरकार मदर टेरेसा के नाम पर कोई अन्य योजना शुरू कर सकती थी.
लेकिन यह सरकार तुष्टिकरण में आकंठ डूबी है और सरकार की विकास यात्रा की कहानी मदरसा से टेरेसा तक सीमित है. हेमंत सरकार गांव देहात में चंगाई सभा के साथ मदर टेरेसा क्लीनिक के माध्यम से धर्मांतरण को बढ़ावा देना चाहती है. वहीं भाजपा की ओर से कहा गया कि इसके अलावा रिम्स 2 के बहाने यह सरकार किसानों पर कहर ढाना चाहती है. आज किसान अति वृष्टि से परेशान है. फसलें सब्जियां बर्बाद हो रही है भदई फसलें बर्बाद हो चुकी है और सरकार निश्चिंत बैठी है. यह सरकार सीआईडी जांच के बहाने सीजीएल परीक्षा के भ्रष्टाचार को छुपाने की कोशिश हो रही है.
मतदाता पुनरीक्षण का विरोध कर यह सरकार बांग्लादेशी रोहिंग्या घुसपैठियों का संरक्षण देना चाहती है. इस सरकार की पिछड़ों को 27 प्रतिशत आरक्षण देने के मामले में भी नीयत साफ नहीं है. जायसवाल ने कहा कि उक्त बिषयों के अलावा राज्य की ध्वस्त विधि व्यवस्था, महिलाओं के साथ बढ़ते अत्याचार भी सदन में मुद्दे बनेंगे. उन्होंने कहा कि पार्टी विधायक दल की बैठक में राज्य के ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई है. हेमंत सरकार को विकास से कुछ लेना देना नहीं है. यह सरकार केवल नाम बदलने में विश्वास करती है. हेमंत सरकार सत्ता मद में इतनी चूर है कि देश की एकता और अखंडता के लिए अपनी जान की बाजी लगाने वाले को अपमान करने से भी बाज नहीं आ रही है.
