
उदित वाणी, जमशेदपुर : यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसील) जादूगोड़ा के चेयरमैन-कम-मैनेजिंग डायरेक्टर (सीएमडी) डॉ. संतोष कुमार सतपथी पर यौन उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगा है। यूसील जादूगोड़ा कॉलोनी की एक महिला ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। महिला ने अपने बयान में कहा है कि एक दिसंबर 2024 से 31 जुलाई 2025 के बीच सीएमडी ने कई बार उसका यौन उत्पीड़न किया और मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया।
पीड़िता के अनुसार, जब उसने इसका विरोध किया तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। महिला ने पुलिस को बताया कि अब उसे अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा है। डर के कारण उसने जादूगोड़ा थाना का दरवाजा खटखटाया और पुलिस से जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई।
सूत्रों के अनुसार, इस मामले में काफी दबाव होने के बावजूद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जादूगोड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने कहा कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष जांच की जाएगी और आरोपों की पुष्टि होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इधर, घटना के सामने आने के बाद यूसील के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। कई सामाजिक संगठनों ने पीड़िता के समर्थन में आवाज उठाई है और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
यूसील प्रबंधन की ओर से अब तक इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। उच्च अधिकारियों को भी मामले की जानकारी दे दी गई है।
यह घटना न केवल यूसील प्रबंधन के लिए, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए एक बड़ी चिंता का विषय बन गई है। अब देखना यह है कि जांच के बाद इस मामले में क्या नया मोड़ आता है।

