
उदित वाणी, चांडिल: अवैध शराब कारोबार पर नकेल कसने के लिए चांडिल अनुमंडल अंतर्गत नीमडीह थाना क्षेत्र में गुरुवार को पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत ग्राम मुरु स्थित नदी किनारे संचालित एक अवैध महुआ शराब की भट्टी को ध्वस्त कर दिया गया। पुलिस ने मौके से करीब 50 किलोग्राम जावा महुआ को नष्ट किया।
नीमडीह थाना प्रभारी संतन तिवारी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान भट्टी संचालक की पहचान सुनिश्चित की जा रही है, और उसके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
इसके अलावा, पुलिस टीम ने ग्राम मुरु पुलिया के समीप एन्टी क्राइम चेकिंग अभियान भी चलाया, जिसमें एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल जब्त की गई। वाहन मालिक की जांच की जा रही है, और आगे की कार्रवाई जारी है।
बताया जा रहा है कि बीते कुछ दिनों से वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर अवैध शराब के उत्पादन और बिक्री पर लगाम लगाने हेतु लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। थाना प्रभारी संतन तिवारी की टीम द्वारा की जा रही इन कार्रवाइयों से क्षेत्र के दारू माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके और समाज में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सके।

