
उदित वाणी, गिरिडीह : गिरिडीह में आज सुबह एक बड़ा रेल हादसा सामने आया है. कोडरमा-कोवाड़ रेल लाइन के कोवाड़ और सलैया स्टेशनों के बीच एक मालगाड़ी पटरी से उतर गई. यह घटना सुबह लगभग आठ बजे पोल नंबर 9/10 और ब्रीज नंबर 207 के पास हुई.
रेलवे विभाग हरकत में आया
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे विभाग की टीम सक्रिय हो गई और मौके पर पहुंचकर राहत एवं मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया. फिलहाल कोडरमा-कोवाड़ रेल मार्ग पर सभी ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से बाधित है.
मरम्मत कार्य जारी
रेलवे की तकनीकी टीम बेपटरी हुई मालगाड़ी को वापस पटरी पर लाने के प्रयास में जुटी है. सुबह से ही क्रेन और अन्य उपकरणों की मदद से ट्रैक को दुरुस्त करने का काम तेज़ी से किया जा रहा है.
प्रभावित हो सकता है यातायात
रेलवे प्रशासन ने अभी तक यह नहीं बताया है कि लाइन पर परिचालन कब तक सामान्य हो सकेगा. इस दुर्घटना का असर यात्री ट्रेनों के संचालन पर भी पड़ सकता है.

