
उदित वाणी,जमशेदपुर: राजद बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष जर्नादन कुमार और राजद जिलाध्यक्ष बैजू कुमार ने आज सरायकेला में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष जानकी प्रसाद यादव से मुलाकात की. इस अवसर पर उन्होंने आयोग के अध्यक्ष को अंग वस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर उनका सम्मान किया.
मुलाकात के दौरान आयोग के सदस्य लक्ष्मण यादव और नन्द कुमार मेहता भी उपस्थित थे. इस बैठक में जर्नादन कुमार और बैजू कुमार ने सरायकेला-खरसावाँ जिले के सभी निकायों में मेयर, उप मेयर, अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के पदों पर पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षण सुनिश्चित करने की मांग की.
पिछड़ा वर्ग के प्रतिनिधित्व और उनकी उपस्थिति पर विस्तृत चर्चा के बाद, आयोग के अध्यक्ष ने इस मुद्दे पर गंभीरतापूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया.
यह मुलाकात जिले के पिछड़ा वर्ग के अधिकारों को लेकर एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है, और क्षेत्रीय निकायों में उनके समुचित प्रतिनिधित्व की दिशा में एक नई पहल की शुरुआत हो सकती है.

