
उदित वाणी, जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र के शिव घाट रोड स्थित श्री महाकालेश्वर शिव मंदिर में हुई चोरी का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है. घटना 17 जुलाई की है, जब मंदिर से पितल का लोटा, पितल का स्टैंड वाला त्रिशुल, तांबे का नाग और पूजा सामग्री चोरी हो गई थी. इस मामले में जुगसलाई थाना लिखित शिकायत के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी.
पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) जमशेदपुर के निर्देशानुसार, थाना प्रभारी जुगसलाई के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल की टीम ने जांच शुरू की. इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि चोरी का सामान इस्लाम नगर स्थित एक घर में छिपाकर रखा गया है. सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की और आरोपी मो. आसिफ उर्फ कद्दू (उम्र 24 वर्ष), पिता स्व. मो. अनवर हुसैन को गिरफ्तार किया. तलाशी के दौरान आरोपी के अलमीरा से चोरी का पितल का लोटा और पितल का त्रिशुल बरामद किया गया.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है. इससे पहले वह वर्ष 2022 में जुगसलाई थाना कांड संख्या 85/22 (धारा 379/411 भा.द.वि.) और वर्ष 2021 में कांड संख्या 142/21 (धारा 461/379/411 भा.द.वि.) में चोरी के मामलों में जेल जा चुका है.
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर चोरी के सामान को विभिन्न स्थानों पर छिपा देता था. इस बार उसने मंदिर से चोरी की और सामान को किराए के मकान में छिपाया था. पुलिस ने जब्त सामान को मंदिर समिति को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया. पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में धार्मिक स्थलों पर चोरी की घटनाओं पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और ऐसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी.

