
उदित वाणी जमशेदपुर : उलीडीह थाना क्षेत्र के संकोसाई रोड नंबर 1 स्थित दुर्गा मंदिर के पास रविवार देर रात एक युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय विशाल महतो के रूप में हुई है, जो कृष्णा नगर गौर बस्ती का निवासी था और मजदूरी का काम करता था।
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 11 बजे विशाल महतो घर से मंदिर सजाने की बात कहकर निकला था। देर रात उसका शव मंदिर के पास एक घर की छत पर संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना फैलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को जानकारी दी। सूचना पाकर उलीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया।
मृतक के पिता विकाश महतो ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे की हत्या की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसी ने योजनाबद्ध तरीके से विशाल की जान ली है। पिता ने कहा कि विशाल का किसी से कोई विवाद नहीं था, इसके बावजूद उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई, जो साफ तौर पर हत्या का मामला है।
इस घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सोमवार सुबह एमजीएम अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान परिजनों ने जमकर हंगामा किया और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की। ग्रामीणों ने भी पुलिस प्रशासन से तत्काल कार्रवाई करने की अपील की।
उलीडीह थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर सुराग जुटा रही है।
पुलिस ने परिजनों को भरोसा दिलाया है कि जल्द ही इस मामले का पर्दाफाश कर दोषियों को कानून के हवाले किया जाएगा। वहीं, इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

