उदित वाणी झारखंड: टाटानगर रेलवे स्टेशन से आदित्यपुर रेलवे यार्ड और सलगझूड़ी केबिन तक बिछाई गई थर्ड लाइन पर सितंबर माह तक मालगाड़ियों के परिचालन की संभावना तेज हो गई है। रेलवे द्वारा इस लाइन को पूरी तरह अपग्रेड करने की दिशा में लगातार तकनीकी कार्य किए जा रहे हैं। इसके तहत विभिन्न स्थानों पर लाइन ब्लॉक लेकर सिग्नल और परिचालन प्रणाली को आधुनिक बनाया जा रहा है।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, टाटानगर से आदित्यपुर सेक्शन तक थर्ड लाइन को आरआरआई पैनल से जोड़ने के लिए विशेष ब्लॉक लिया जाएगा। इस संबंध में चक्रधरपुर रेल मंडल ने दक्षिण पूर्व रेलवे जोन को प्रस्ताव भेज दिया है। मंजूरी मिलने के बाद रेलकर्मी नए आरआरआई सिस्टम के जरिए सिग्नल, प्वाइंट और अन्य परिचालन उपकरणों को सक्रिय करेंगे।
करीब एक वर्ष पूर्व तैयार हो चुकी इस थर्ड लाइन का लगातार वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया जा रहा है। रेलवे की कोशिश है कि तय समय सीमा के भीतर लाइन को पूरी तरह चालू कर मालगाड़ियों का संचालन शुरू किया जा सके। अधिकारियों का मानना है कि नई लाइन शुरू होने से माल ढुलाई व्यवस्था अधिक सुगम और तेज होगी।
थर्ड लाइन के चालू होने के बाद राउरकेला रेलवे स्टेशन और खड़गपुर मुख्य रेलखंड पर मालगाड़ियों का दबाव कम होगा। इससे यात्री ट्रेनों की आवाजाही भी बेहतर होने की उम्मीद जताई जा रही है। वर्तमान में मालगाड़ियों के अत्यधिक दबाव के कारण कई यात्री ट्रेनें विलंब से चलती हैं। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि नई लाइन शुरू होने के बाद परिचालन संतुलित होगा और ट्रेनों की समयबद्धता में सुधार आएगा।


