
उदित वाणी चांडिल: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की 11वीं से 13वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा के फाइनल परिणाम में चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के दो होनहार अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। निशा गोप, छोटालाखा की रहने वाली हैं और उन्होंने 186वीं रैंक के साथ जिला प्रोबेशन पदाधिकारी के रूप में चयन पाया है। यह उनकी दूसरी कोशिश थी और उन्होंने बिना कोचिंग, सिर्फ स्वअध्ययन के बलबूते यह सफलता हासिल की है। निशा अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, पति और शिक्षकों को देती हैं। उनकी शिक्षा दयावती मोदी स्कूल, चिन्मय विद्यालय और जेवियर कॉलेज, रांची से हुई। बचपन से ही मेधावी रही निशा का सपना था कि सिविल सेवा के जरिए देश की सेवा करें।

वहीं संजय सिंह सरदार, जामडीह टोला रेरेंगटांड़ निवासी, ने 320वीं रैंक हासिल कर वित्त विभाग में चयन पाया है। सीमित संसाधनों और बिना किसी कोचिंग के संजय ने यह मुकाम पाया। रेलवे में ग्रुप-डी से करियर शुरू करने वाले संजय फिलहाल प्राथमिक शिक्षक हैं। 2021 में वे दो अंकों से चूक गए थे, लेकिन हार न मानते हुए 2024 में सफलता पाई। निशा और संजय की सफलता चांडिल क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत है, यह दिखाता है कि मेहनत, आत्मविश्वास और दृढ़ निश्चय से हर लक्ष्य संभव है।

