
उदित वाणी, घाटशिला : मऊभंडार ओपी क्षेत्र के दाहीगोड़ा स्थित पांचपांडव मुहल्ले में गुरुवार को एक तलाकशुदा महिला को जबरन उठा ले जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पीड़िता की मां ने इस संबंध में अपने पूर्व दामाद और अन्य के खिलाफ पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.
पूर्व पति पर जबरन ले जाने का आरोप
पांचपांडव मुहल्ला निवासी आरसरुन बीबी ने आरोप लगाया है कि उसकी तलाकशुदा बेटी अफसाना खातून को गुरुवार सुबह पुरुलिया निवासी शेख मुजीबुर जबरन उठाकर ले गया. जब आरसरुन ने विरोध किया, तो मुजीबुर ने उसके साथ भी मारपीट की.
घटना के बाद आरसरुन ने तुरंत गोपालपुर पंचायत की मुखिया शांखी हांसदा को सूचना दी. मुखिया प्रतिनिधि सुखलाल हांसदा मौके पर पहुंचे और पीड़िता से पूरी जानकारी ली.
पुलिस में शिकायत, एक व्यक्ति हिरासत में
आरसरुन बीबी ने मऊभंडार ओपी में पूर्व दामाद शेख मुजीबुर के अलावा चार से पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने बताया कि आरोपी के जीजा अब्दुल मन्नान और बहन मेमपूरी भी पांचपांडव मुहल्ले में ही रहते हैं. संभव है कि उनसे पूछताछ से घटना की कड़ियां खुलें.
पुलिस ने अब्दुल मन्नान को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. समाचार लिखे जाने तक मामले की जांच जारी थी.
15 दिन पहले बच्चों को छोड़कर मायके लौटी थी अफसाना
आरसरुन बीबी ने बताया कि अफसाना करीब 15 दिन पहले अपने दो बच्चों को ससुराल में छोड़कर मायके लौट आई थी. उसका पति शेख मुजीबुर उसे मोबाइल पर तीन तलाक दे चुका था. चार साल पहले अफसाना की शादी पुरुलिया निवासी मुजीबुर से हुई थी.
अब अचानक पूर्व पति द्वारा उसे जबरन उठाकर ले जाना बेहद चिंताजनक है. मां को आशंका है कि बेटी के साथ कुछ अनहोनी भी हो सकती है.
अब सवाल यह उठता है – क्या तलाक के बाद भी सुरक्षित नहीं महिलाएं?
इस घटना ने महिला सुरक्षा और तीन तलाक के प्रभावशीलता पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. क्या एक तलाकशुदा महिला को उसका पूर्व पति इस तरह जबरन उठा सकता है? पुलिस की अगली कार्रवाई पर अब पूरे इलाके की नजर है.

