उदित वाणी बोकारो: बोकारो के सेक्टर-4 थाना क्षेत्र स्थित सिटी सेंटर में एक महिला से सोने की चेन छीनने की कोशिश उस वक्त नाकाम हो गई, जब भागने के दौरान बाइक सवार आरोपी अनियंत्रित होकर गिर पड़ा। इसके बाद दंपति के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी के पास से महिला की सोने की चेन भी बरामद कर ली है।
घटना रात की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार महिला अपने पति प्रवीण कुमार के साथ बाजार कर घर लौट रही थी। इसी दौरान बाइक सवार एक युवक ने महिला के गले से सोने की चेन छीनकर भागने का प्रयास किया। चेन छीनने के बाद आरोपी तेज रफ्तार में भागने लगा, लेकिन कुछ ही दूरी पर उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। आरोपी के गिरते ही दंपति ने शोर मचाना शुरू कर दिया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर जुट गए।
स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। घटना की सूचना तुरंत सेक्टर-4 थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल आरोपी को अपने कब्जे में लेकर इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल भेज दिया।
पुलिस फिलहाल आरोपी की पहचान और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश से जुड़े गिरोह के सदस्य बोकारो पहुंचकर इस तरह की चेन स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह अलग-अलग शहरों में घूम-घूम कर वारदात करता है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क को डिकोड करने में जुटी हुई है।
इस मामले को लेकर पीड़िता के पति प्रवीण कुमार ने सेक्टर-4 थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में भी छापेमारी कर रही है।


