
उदित वाणी, जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सक्रिय अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टेल्को थाना क्षेत्र के मनिफीट, आदर्शनगर में शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात करीब 2 बजे फायरिंग की सूचना पर विशेष छापामारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को डायल 112 पर सूचना मिली थी कि गुड्डु प्रसाद के घर के सामने उनके पड़ोसी सागर उपाध्याय उर्फ बीतू मात्रे फायरिंग कर रहा है। सूचना मिलते ही सक्रिय छापामारी दल मौके पर पहुंचा और दो युवकों को दबोच लिया।
गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान सागर उपाध्याय उर्फ बीतू मात्रे (26 वर्ष) और किशन पंजीयार (23 वर्ष), के रूप में हुई है।
जब्त किए गए सामानों में एक देसी पिस्तौल, तीन खोखा कारतूस, दो स्क्रीन टच मोबाइल और एक स्विफ्ट कार (जेएच05बीजी9121)
पुलिस अधीक्षक (नगर) ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। बरामद हथियार की जांच की जा रही है कि इसका इस्तेमाल किसी पूर्ववर्ती आपराधिक वारदात में हुआ है या नहीं। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर दहशत जरूर फैली थी, परंतु त्वरित पुलिस कार्रवाई से लोगों ने राहत की सांस ली है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के विरुद्ध सख्त अभियान जारी रहेगा। अपराधी अब किसी भी हालत में बख्शे नहीं जाएंगे।

