
उदित वाणी, पटमदा : पटमदा-टाटा मुख्य सड़क पर कुटिमाकली गांव के पास शनिवार सुबह लगभग 5:30 बजे एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई. महुलबना गांव निवासी किसान सोमाय हांसदा सब्जी से लदी अपनी बाइक से जमशेदपुर जा रहे थे. जैसे ही वह कुटिमाकली में एक स्पीड ब्रेकर पर धीरे हुए, पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक अन्य बाइक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.
किसान गंभीर रूप से घायल
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकें सड़क पर गिर गईं. इस हादसे में सोमाय हांसदा का एक पैर टूट गया. वहीं दूसरी बाइक पर पीछे बैठे मानगो निवासी परमजीत सिंह भी घायल हो गया. हैरानी की बात यह रही कि परमजीत को घायल छोड़ उसका साथी बाइक लेकर मौके से फरार हो गया.
समाजसेवियों ने निभाई इंसानियत
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय समाजसेवी उमेश चंद्र महतो, शिक्षक चैतन मुर्मू, ईश्वर हांसदा और गुरबा हांसदा मौके पर पहुंचे. उन्होंने दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया और पुलिस को इसकी सूचना दी.
हादसे के बाद फरार हुआ आरोपी
उमेश महतो ने जानकारी दी कि सोमाय हांसदा रोजाना की तरह सब्जी लेकर जमशेदपुर जा रहे थे. तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने स्पीड ब्रेकर पर नियंत्रण खो दिया और टक्कर मार दी. पुलिस अब फरार बाइक चालक की तलाश में जुट गई है.

