
जोधपुर: सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के आईजी एमएल गर्ग ने सोमवार को मीडिया से बातचीत में बताया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद सीमा क्षेत्र में स्थिति लगभग सामान्य हो गई है। उन्होंने कहा कि फिलहाल सीजफायर कायम है, लेकिन हमारी सुरक्षा बल पूरी तरह सतर्क और किसी भी स्थिति का सामना करने के लिए तैयार है। पाकिस्तान की हर चाल का जवाब देने की हमारी क्षमता अटूट है।
ड्रोन और साइबर हमलों के खिलाफ मजबूत सुरक्षा तंत्र
आईजी गर्ग ने हालिया संघर्ष में ड्रोन को एक गंभीर खतरे के रूप में उजागर किया। उन्होंने बताया कि हमारी सुरक्षा प्रणाली विश्व स्तर की है और हमने ड्रोन हमलों को सफलतापूर्वक नाकाम किया। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमला होने के बाद पाकिस्तान ने पश्चिमी सीमा पर मिसाइल और ड्रोन हमलों का सहारा लिया, लेकिन जैसलमेर, पोखरण और बीकानेर में आए सभी ड्रोन को मार गिराया गया। साथ ही उन्होंने बताया कि पाकिस्तान की ओर से लगातार साइबर हमले किए जा रहे हैं, जिनका सामना भारत के कुशल साइबर विशेषज्ञों ने बखूबी किया। सोशल मीडिया पर फैलाए गए गलत प्रचार को भी प्रभावी ढंग से बेनकाब किया गया। इस प्रक्रिया में मीडिया ने सत्य प्रस्तुत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
गर्मी के बावजूद जवान तैनात और सतर्क
जब सीमा पर स्थिति के बारे में पूछा गया, तो आईजी गर्ग ने बताया कि इस समय सीमा क्षेत्र में तापमान 40 से 45 डिग्री से ऊपर है, फिर भी हमारे जवान पूरी मुस्तैदी से तैनात हैं और हर प्रकार के खतरे का मुकाबला करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि हमारी सेना देश की सुरक्षा में किसी भी हालत में समझौता नहीं करेगी।
पहलगाम हमला और ऑपरेशन सिंदूर का प्रभाव
ज्ञात रहे कि पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया था। इस अभियान में पाकिस्तान के नौ आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया गया, साथ ही उनके एयर डिफेंस सिस्टम और एयरबेस को गंभीर नुकसान पहुंचाया गया। इसके बाद बौखलाए पाकिस्तान ने सीमावर्ती क्षेत्रों में ड्रोन हमलों को अंजाम दिया, जिससे वहां तनाव की स्थिति उत्पन्न हुई थी।
(IANS)

