
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में मोबाइल छिनतई की बढ़ती घटनाओं के बीच बिष्टुपुर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। विशेष अभियान के तहत पुलिस ने जुगसलाई निवासी सादिक नामक युवक को चोरी के मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया है।
सूत्रों के मुताबिक, बीते कुछ दिनों से शहर में मोबाइल छिनतई की घटनाओं में तेजी से इजाफा हुआ था। इन वारदातों ने आम लोगों में डर का माहौल बना दिया था। इसे गंभीरता से लेते हुए बिष्टुपुर थाना पुलिस ने मोबाइल झपटमार गिरोह के खिलाफ विशेष अभियान चलाया और कई स्थानों पर छापेमारी शुरू की।
इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि जुगसलाई क्षेत्र में गिरोह का एक सदस्य छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सादिक को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक चोरी किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
पुलिस का कहना है कि सादिक से पूछताछ की जा रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश तेज कर दी गई है। आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां संभव हैं। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
