
उदित वाणी दुमका: बासुकिनाथ धाम में 1 जनवरी को पूजा के लिए आए राजस्थान के जयपुर हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश का मोबाइल चोरी होने के मामले में जरमुंडी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय मोबाइल चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के दौरान इनके पास से मुख्य न्यायाधीश का मोबाइल फोन समेत चोरी के कुल आठ मोबाइल फोन बरामद किए गए।
जरमुंडी थाना प्रभारी श्यामानंद मंडल ने बताया कि इस मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम गठित की गई थी। जांच टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ इलाके के एक मोबाइल चोर गिरोह की संलिप्तता पाई।
इसके बाद, तीनपहाड़ के बाबूपुर गांव से दो चोरों को गिरफ्तार किया गया। उनकी निशानदेही पर बिहार, पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश सीमा से अन्य अपराधियों को पकड़ा गया।
गिरफ्तार सभी अपराधियों को रविवार को न्यायिक प्रक्रिया के तहत दुमका केंद्रीय जेल भेज दिया गया।

