
उदित वाणी, जमशेदपुर: शहर की विख्यात गायिका प्रज्ञा बनर्जी द्वारा अपने पति स्वर्गीय अरूप कुमार बनर्जी की स्मृति में 20 मई की शाम माकल जॉन ऑडिटोरियम में शास्त्रीय संगीत समारोह का आयोजन किया गया.
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वर्गीय अरूप कुमार बनर्जी के अग्रज हारा प्रसाद बनर्जी, बुजुर्ग कलाकार अजय सेन चौधरी, गौरी विश्वास, अमरजीत सिंह, मिहिर बनर्जी एवं पूर्वी घोष द्वारा हुआ. स्वर्गीय अरूप बनर्जी अपनों के बीच “मीठू दा” के नाम से जाने जाते थे.
संगीत के इस कार्यक्रम में सर्वप्रथम मीठू दा की सुपुत्री प्रीता बनर्जी, प्रिय शिष्य सुजन चटर्जी एवं सौरभ बैनर्जी ने मिठू दा की बेहतरीन रचनाओं को पेश किया. मौके पर शहर के नामी कलाकार सुदीप्तो बनर्जी, स्वप्न तिवारी, राजू राज तथा इशान बनर्जी के मनमोहक संगत से श्रोतावृंद झूम उठे.
दूसरी प्रस्तुति जमशेदपुर शहर के दो विख्यात तबला वादक अमिताभ सेन व प्रदीप भट्टाचार्या की थी, उन्होंने तीनताल में अद्भुत युगल तबला वादन की पेशकश की. सुब्रत भट्टाचार्या ने हारमोनियम पर इनका साथ निभाया.
हिन्दुस्तानी शास्त्रीय गायन की प्रस्तुति
इसके बाद देश के होनहार गायक पंडित तुषार दत्ता ने हिन्दुस्तानी शास्त्रीय गायन की प्रस्तुति की. उन्होंने राग शुद्ध कल्याण में मधुर बंदिशें तथा ठुमरी पेश कर शाम को यादगार बना दिया. इनके साथ तबले पर नवारूण दत्ता तथा हारमोनियम पर सुब्रतो भट्टाचार्या ने संगत किया.
अंतिम प्रस्तुति तबला वादक पंडित परिमल चक्रवर्ती की थी. उन्होंने प्रख्यात संतूर वादक संदीप चटर्जी के संतूर वादन पर अपनी उत्कृष्ट कला का प्रदर्शन कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया. संदीप चटर्जी ने राग किरवानी में आलाप, जोड़ झाला तथा सुमधुर गतें पेश की. कार्यक्रम का संचालन सत्यवीर सिंह एवं प्रीति बनर्जी ने किया.

