
उदित वाणी, जमशेदपुर: जमशेदपुर विमेंस यूनिवर्सिटी के शिक्षा संकाय के सेमिनार हॉल में इग्नू के बीएड प्रोग्राम (सत्र 2022) हेतु 12 दिवसीय कार्यशाला का शनिवार को उद्घाटन किया गया.
इसमें मुख्य अतिथि के रूप में जमशेदपुर विमेंस यूनिवर्सिटी की कुलपति प्रो. अंजिला गुप्ता, इग्नू की कोऑर्डिनेटर डॉ. त्रिपुरा झा, विश्वविद्यालय की सीवीसी डॉ. अन्नपूर्णा झा एवं सत्र की छात्राएं उपस्थित थीं. कार्यक्रम में डॉ. त्रिपुरा झा के द्वारा स्वरचित सरस्वती वंदना की प्रस्तुति की गई. कुलपति तथा सीवीसी को पौधा एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिवादन किया.
कुलपति ने अपने संबोधन में अधिगम अनुभवों के संगठन हेतु प्रशिक्षु अध्यापकों को आवश्यक कौशल ग्रहण करने की सरल विधि से अवगत कराया एवं विद्यालय शिक्षा में शिक्षकों की भूमिका को रेखांकित किया.
उन्होंने पाठ्यचर्यात्मक क्षेत्रों में अंत:संबंध स्थापित करने हेतु दिशा निर्देश दिया एवं सभी शिक्षार्थियों से उनका कार्यशाला सुखद तथा ज्ञानात्मक हो, राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में वो आगे बढ़ें इसके लिए कामना की. साथ ही, विश्वविद्यालय के इस केंद्र में उनकी तमाम समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया.
प्रोग्राम की ऑर्डिनेटर डॉ त्रिपुरा झा ने परिचय स्वागत भाषण एवं बीएड परिचय सत्र की वृहद जानकारी देते हुए राष्ट्र के विभिन्न प्रांत से आए हुए छात्र-छात्राओं (हरियाणा, छत्तीसगढ़, बंगाल, उड़ीसा, महाराष्ट्र, झारखंड) का परिचय लिया एवं उन्हें संपूर्ण कार्यशाला की गतिविधियों से अवगत कराते हुए उनकी सहभागिता एवं कौशल विकसित करने संबंधित जानकारी दी.
पाठ्यक्रमानुकूल कुशलता का विस्तार से विवरण भी दिया.


