
उदित वाणी, जमशेदपुर: देश भर की सेंट्रल यूनिवर्सिटी समेत अन्य भाग लेने वाले विश्वविद्यालयों में यूजी प्रोगाम में दाखिले के लिए सीयूईटी यूजी परीक्षा का आयोजन रविवार से शुरू हो रहा है.
यह परीक्षा को देश के 295 शहरों और विदेश में आयोजित किया जाएगा. एनटीए की ओर से जारी सूचना के अनुसार, सीबीटी मोड में होने वाला सीयूईटी यूजी एग्जाम में 14 लाख 99 हजार से ज्यादा परीक्षार्थी शामिल होने वाले हैं. सीयूईटी यूजी 2023 परीक्षा का आयोजन 13 भाषाओं में होगा. हिंदी, इंग्लिश के अलावा यह विभिन्न रीजनल भाषाओं में कराया जाएगा.
दिलचस्प बात यह कि जमशेदपुर में भी इसके लिए परीक्षा केंद्र बनाया गया है, लेकिन विद्यार्थियों में इस बात को लेकर उबाल है कि उन्हें जमशेदपुर का च्वाइस भरने के बावजूद कोलकाता व असनसोल जैसे इलाकों में परीक्षा केंद्र दिया गया है.
इसका अब विरोध शुरू हो गया है. वैसे जमशेदपुर में एनएच-33 स्थित ऑयन केंद्र को सीयूईटी का परीक्षा केंद्र बनाया गया है. बहरहाल, सीयूईटी को लेकर गाइडलाइन जारी किए गए हैं, इसके मुताबिक उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश पत्र के साथ-साथ एक वैलिड फोटोआईडी भी लेकर आना होगा.
इसके तहत, कैंडिडेट्स आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या वोटरआईडी कुछ भी लेकर आ सकते हैं. बताते चलें कि इस साल सीयूईटी यूजी-2023 परीक्षा 21 मई से 05 जून तक होगी.
फिलहाल 21 मई, 22, 23 और 24 मई को होने वाली परीक्षा का एडमिट कार्ड जारी किया गया है. सीयूईटी यूजी परीक्षा के माध्यम से कोल्हान विश्वविद्यालय, जमशेदपुर विमेंस यूनिवर्सिटी व अरका जैन विश्वविद्यालय समेत दिल्ली यूनिवर्सिटी, बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी बीएचयू, बीबीएयू जैसी सेंट्रल यूनिवर्सिटीज में एडमिशन मिल सकता है. इन कॉलेजों के ज्यादातर अंडर ग्रेजुएट प्रोग्राम सीयूईटी के दायरे में हैं.
अभाविप व एआईडीएसओ ने किया विरोध
सीयूईटी के परीक्षा सेंटर अन्य राज्यों में दिए जाने का अभाविप व एआईडीएसओ ने विरोध किया है. एआईडीएसओ के झारखंड प्रदेश सचिव सोहन महतो ने बयान जारी कर कहा ने कहा कि यह छात्रों से आर्थिक दोहन करने की योजना, अभिलंब सीयूईटी को रद्द किया जाए व नामांकन प्रक्रिया को सरल बनाया जाए.
सीट में बढ़ौतरी करते हुए सभी छात्रों का नामांकन सुनिश्चित किया जाए. सभी अंगीभूत कॉलेजों से इंटरमीडिएट को अलग करना भी छात्र विरोधी कदम. केंद्र सरकार नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 लेकर आई है.
और इस सत्र से झारखंड में नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू किया गया है. इसके तहत 12वीं के बाद ग्रेजुएशन में नामांकन लेने के लिए सीयूईटी एंट्रेंस एग्जाम अनिवार्य है. छात्रों से प्रवेश परीक्षा के नाम पर पहले तो 700 से अधिकतम 1300 रुपए लिए गए. अब एंट्रेंस एग्जाम आगामी कल 21 मई से शुरू हो रहा है.
जिसमे झारखंड राज्य के विभिन्न जिलों को परीक्षा केंद्र तो बनाया गया लेकिन झारखंड के रांची, जमशेदपुर, बोकारो, चाईबासा हजारीबाग रामगढ़ आदि शहरों के बच्चों का परीक्षा सेंटर कर्नाटक, छत्तीसगढ़, उड़ीसा, बिहार तक दे दिया गया है.
किसी छात्रों को अगर जमशेदपुर के किसी कॉलेज में रांची के किसी कॉलेज में एडमिशन लेना हो तो उसे कर्नाटक में जाकर एग्जाम देना पड़ेगा, उड़ीसा में जाकर एग्जाम देना पड़ेगा छत्तीसगढ़ में जाकर एग्जाम देना होगा, जो सही नहीं है.
परीक्षा केंद्र के लिए जरूरी गाइडलाइंस
# सीयूईटी यूजी परीक्षा में शामिल होने से पहले एडमिट कार्ड की डिटेल्स चेक करके डाउनलोड कर लें.
# एग्जाम सेंटर पर सीयूईटी यूजी का एडमिट कार्ड प्रिंट लेकर जाएं। एडमिट कार्ड के साथ पासपोर्ट साइज फोटो और एक आईडी प्रूफ अपने पास रखें.
# सीयूईटी परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड पर फोटो चिपका कर लाएं। साथ में एक बॉल पेन रखें.
# एग्जाम सेंटर पर अपने साथ पानी की बॉटल और हैंड सेनेटाइजर जरूर ले जाएं.
# परीक्षा केंद्र पर समय से यानी 2 घंटे पहले रिपोर्ट करें.
# उम्मीदवार किसी भी कारण से समय पर रिपोर्ट नहीं करते हैं जैसे ट्रैफिक जाम, ट्रेन या बस देरी, आदि हो तो इसके लिए एनटीए जिम्मेदार नहीं होगा.

