
उदित वाणी, जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के सरकारी हाई स्कूलओं के प्रधानाध्यापकों व शिक्षकों से जिला शिक्षा पदाधिकारी नाराज हैं. विकास व छात्र कोष की राशि समय पर खर्च नहीं करने को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी निर्मला कुमारी बरेलिया ने सभी सरकारी हाई स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को नोटिस जारी किया है.
इसमें कहा गया है कि शिक्षा सचिव के निर्देश के आलोक में सभी स्कूलों को योजना बनाकर इन दोनों मद में आवंटित राशि को खर्च करना था. लेकिन स्कूलों ने ऐसा नहीं किया है, जो सही नहीं है.
डीईओ द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि स्कूल 30 मई तक विकास व छात्र कोष की राशि को खर्च कर इसकी अद्यतन रिपोर्ट विभाग को उपलब्ध कराएं. ऐसा नहीं करने पर प्रधानाध्यापकों व लिपिकों के खिलाफ कार्यवाही की बात कही गई है. डीईओ की माने तो बार-बार निर्देश के बाद भी स्कूल राशि खर्च करने में शिथिलता बरत रहे हैं.
इसका परिणाम यह हो रहा है कि स्कूल के खाते में पैसा होने के बाद भी छात्रों व शिक्षकों को आवश्यक सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं. वहीं इस पूरे मामले पर स्कूलों के प्रधानाध्यापकों का कहना है कि विभाग ने अचानक विकास कोष व छात्र कोष की राशि पर अपना पूरा फोकस शिफ्ट कर दिया है. पता नहीं क्यों इसमें इतनी दिलचस्पी पदाधिकारी दिखा रहे हैं.
उनकी माने तो कोई भी राशि ऐसे ही खर्च नहीं कर दी जाती है इसके लिए योजना बनाई जाती है और फिर आवश्यकता के अनुसार उसे खर्च किया जाता है अगर हम कहीं भी राशि खर्च कर देंगे तो बाद में हम खुद फंस जाएंगे. और यही अधिकारी हमारे खिलाफ कार्रवाई करेंगे.

