
उदित वाणी, रांची: जमीन घोटाला मामले में गुरूवार तड़के ईडी ने राज्य सरकार के समाज कल्याण विभाग के निदेशक तथा रांची के पूर्व डीसी आईएएस छवि रंजन समेत कई जमीन दलालों व सीओ के झारखंड, बिहार व पश्चिम बंगाल के 22 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की.
इस दौरान ईडी ने कई कागजात खंगाले गए और कई कागजात जब्त किया गया. ईडी ने झारखंड में रांची, जमशेदपुर, हजारीबाग, सिमडेगा समेत कई ठिकानों पर ईडी की छापेमारी की.
बताया गया कि रांची के डीसी रहते छवि रंजन के ऊपर कई आदिवासी जमीन का नेचर बदलकर खरीद बिक्री करने व बरियातु एवं सिरमटोली में सेना के कब्जेवाली करोड़ों रूपये की जमीन घोटाले के मामले में ईडी द्वारा उक्त छापेमारी की गई. इसके अलावा कोडरमा डीसी रहते हुए छवि रंजन पर डीसी आवास परिसर में लगे बेशकीमती सागवान के पेड़ों को अवैध तरीके से कटवाने का भी संगीन आरोप है.
रांची के बरियातू स्थित सेना के कब्जे वाली 4.55 एकड़ व सिरमटोली स्थित 3.75 एकड़ जमीन की अवैध तरीके खरीद बिक्री मामले में ईडी ने यह कार्रवाई की.
इससे पूर्व ईडी ने पिछले 5 नवंबर 2022 को कोलकाता के एक बड़े कारोबारी अमित अग्रवाल, एक बड़े व्यवसायी विष्णु अग्रवाल के अलावा खरीद बिक्री में शामिल प्रदीप बागची व कोलकाता के दिलीप घोष, संजय घोष, महुआ मित्रा समेत राज्य के अन्य अधिकारियों से जुड़े दो दर्जन से अधिक ठिकानों पर छापामारी की थी.
वहीं गुरूवार को छविरंजन के जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में मलकीत होटल के पास लोंगिया अपार्टमेंट में ईडी ने तड़के दबिश दी. बताया गया कि इस फ्लैट में पिछले 7 सालों से छवि रंजन के पिता टाटा स्टील के सेवानिवृत्त कर्मचारी रामदयाल पंडित के साथ रह रहे थे. इस फलैट में छवि रवि रंजन के मास्टर बेडरूम में तीन अलग-अलग दरवाजों के साथ स्पेशल सेफ्टी का इंतजाम है.
ईडी की टीम ने आदित्यपुर स्थित उनके रिश्तेदार को बुला कर इस फ्लैट को खुलवाया गया। उक्त रिश्तेदार फ्लैट का केयरटेकर भी था। ईडी की टीम में 5 पुरुष और एक महिला अधिकारी दो गाड़ियों में आकर फलैट में दबिश दी.
छवि रंजन यहां कभी कभार ही फ्लैट में देर रात या तड़के के समय आते थे. बताया गया कि ईडी की टीम ने फलैट में नोट गिनने की मशीन के साथ पहुंची. यद्यपि देर रात तक फलैट में क्या-क्या मिला इसकी जानकारी नहीं मिल पायी.
ईडी की टीम ने सिमडेगा के एक राजस्व कर्मचारी भानु प्रसाद के आवास में छापेमारी की. इस छापेमारी में कई अहम दस्तावेज ईडी के हाथ लगे हैं. इस दौरान ईडी की टीम ने राजस्व कर्मचारी को अपने साथ रांची लेकर आई. हजारीबाग शहर से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित मेरु में ईडी ने पंकज प्रसाद उर्फ भरत प्रसाद के घर पर छापामारी की.
प्रज्ञा केंद्र संचालित करने वाले भरत प्रसाद के आवास व परिसर से ईडी आईएएस अधिकारियों का चेकबुक जब्त किया. रांची के हिंदपीढ़ी के जमीन कारोबारी अशरफ खान उर्फ चुन्नू खान के ठिकाने पर छापेमारी की. बिहार में गोपालगंज के कुचायकोट थाना क्षेत्र के बनतैल गांव में ईडी के अधिकारियों ने परिजनों से पूछताछ की.
रांची के रातू व बड़गाईं के सीओ के यहां भी ईडी द्वारा छापेमारी की गई. पश्चिम बंगाल के दो ठिकाने पर छापेमारी की गई.

