
उदित वाणी, रांची: 3 अप्रैल से 10 अप्रैल तक प्रदेश कांग्रेस द्वारा प्रखंड से जिला स्तर तक नुक्कड सभा आयोजित की जायेगी और केन्द्र सरकार की विफलताओं को आमजनों के बीच ले जायेगी.
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की लोकसभा की सदस्यता रद्द किये जाने को लेकर सोमवार को पुराना विधानसभा स्थित सभागार में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पार्टी द्वारा उक्त निर्णय लिया गया और संबंध में कांग्रेस के सभी जिला अध्यक्षों को निर्देश दिया गया.
बैठक में पार्टी के केन्द्रीय महासचिव सह झारखंड प्रभारी अविनाश पांडे भी मौजूद थे. बैठक को संबोधित करते हुए झारखंड प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि पूरे देश में राजनीतिक गतिरोध जारी है. लोकतंत्र की हत्या लगातार की जा रही है.
उन्होंने कहा कि केन्द्र की गलत नीतियों, महंगाई, बेरोजगारी, देश की गिरती अर्थव्यवस्था, किसान जैसे मुद्दे पर राहुल गांधी लगातार आवाज उठाते रहे. जिस प्रकार उन्होंने अडाणी के बढ़ते पूंजीवाद पर सवाल खड़ा किया और 20 हजार करोड़ के भ्रष्ट्राचार का मामला उठाया। इससे देश की सरकार डर गई.
यही कारण है कि 2019 के मामले को 9 दिनों के अंदर सक्रिय किया गया और कर्नाटक की घटना को गुजरात शिफट कर दिया गया और मामले में सूरत की अदालत के फैसले को लेकर हाईकोर्ट में स्टे पीटिशन दिया गया तथा अडानी के मामले में जब केन्द्र सरकार घिरी,तो अपने दामन को बचाने के लिए 24 घंटे के अंदर राहुल गांधी की सदस्यता रद्द कर दी गई.
उन्होंने कहा कि आज देश में सरकार के खिलाफ जो भी बोल रहे हैं उनके दरवाजे पर ईडी सीबीआई पहुंच रही है. राहुल गांधी को सदन में बोलने नहीं दिया जा रहा था. प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी की लड़ाई हम हर कीमत पर जारी रखेंगे.
भाजपा का विरोध करने वाला हर वर्ग आज प्रताडित है दुखी है लेकिन हमने संविधान और लोकतंत्र दिया है तो हम इसकी रक्षा भी करेंगे.चाहे इसके लिए हमें कोई भी कुर्बानी क्यों नहीं देनी पड़े. बैठक प्रदेश कांग्रेस के प्रमुख नेता व जिलाअध्यक्ष भी मौजूद थे.

