
उदित वाणी, जमशेदपुर: सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष विजय आनंद मूनका एवं मानद महासचिव मानव केडिया ने हरियाणा और राजस्थान की तर्ज पर झारखंड में भी व्यापारी कल्याण बोर्ड की स्थापना की मांग की है.
उन्होंने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से मांग की है कि झारखंड में भी जीएसटी में निबंधित व्यापारियों के सहायतार्थ एवं उनके कल्याण हेतु व्यापारी कल्याण बोर्ड की स्थापना की जाय.
मूनका ने कहा कि सूखा पड़ने पर या अन्य कारणों से किसानों की फसल खराब होने पर उनको मुआवजा देने का प्रावधान है, उनके फसलों का बीमा सरकारी खजाने से कराया जाता है, सरकारी विभागों में कार्य करने वाले कर्मचारियों के कल्याण के लिए पुरानी पेंशन योजना को बहाल की गई है. लेकिन व्यापारियों के कल्याण हेतु कोई निर्णय नहीं लिया जा रहा है.
अर्थव्यवस्था चाहे जैसी भी हो, व्यापारियों को हर स्थिति में टैक्स का भुगतान करना पड़ता है. मंदी के समय, आगजनी, चोरी व लूट आदि दुर्घटनाओं के बाद व्यापारी बर्बाद हो जाते हैं, उन्हें काफी नुकसान उठाना पड़ता है, लेकिन सरकार की तरफ से उनकी आर्थिक बदहाली को दूर करने के लिए कोई फंड रिलीज नहीं किया जाता है.
व्यापारियों के सहायतार्थ कोई कदम सरकार की तरफ से नहीं उठाया जाता है. इसलिए व्यापारियों के हित में राज्य में व्यापारी कल्याण कोष बोर्ड की स्थापना हो और जीएसटी रजिस्टर्ड सभी व्यापारियों का बीमा सरकारी कोष से करवाया गया.
चैम्बर पदाधिकारीयों ने उम्मीद की है कि झारखंड स्थापना दिवस पर झारखंड सरकार, व्यापारियों के लिए कोई विशेष घोषणा करेगी.

