
उदित वाणी, रांची: हावड़ा कैशकांड के आरोपी कांग्रेस के तीनों विधायकों डा इरफान अंसारी, राजेश कच्छप व नमन विक्सल कोनगाड़ी को कलकत्ता हाईकोर्ट ने नियमित जमानत दे दी तथा तीनों विधायक शुक्रवार को राज्य विधानसभा के बिशेष सत्र में हिस्सा ले सकते हैं.
ज्ञात हो कि तीनों विधायक पिछले लगभग तीन माह से कोलकाता में अंतरिम जमानत पर थे. अब उन्हें रेगुलर बेल दे दिया गया है. जबकि 30 जुलाई को कांग्रेस के उक्त तीनों विधायकों को कोलकाता पुलिस ने एनएच 16 पर रानीहाटी के पास 49 लाख रुपये नगद राशि के साथ गिरफ्तार किया था.
इधर कलकत्ता हाईकोर्ट द्वारा नियमित जमानत दिये जाने के बावजूद विधायकों की परेशानी कम नहीं हुई है. इस मामले की जांच को लेकर अब ईडी ने टेकओवर कर लिया है.
ईडी ने मामले में मनी लौंड्रिंग के तहत प्राथमिकी भी दर्ज कर ली है और रांची वापस लौटने के बाद मनी लौंड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए ईडी द्वारा तीनों विधायकों को समन किया जा सकता है. वहीं तीनों विधायकों के खिलाफ कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम की शिकायत पर स्पीकर के न्यायाधीकरण में भी दल बदल के तहत सुनवाई शुरू की गई है.

