
उदित वाणी, रांची: लातेहार जिले में स्थित राज्य के सबसे प्रतिष्ठित नेतरहाट आवासीय विद्यालय में अगले शैक्षणिक सत्र में नामांकन के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई. विद्यालय में कक्षा छह में नामांकन के लिए शनिवार से ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन भरा जा सकता है.
आवेदन भरने की अंतिम तिथि 30 नवंबर निर्धारित की गई है. जबकि नामांकन के लिए 29 जनवरी को राज्य के सभी प्रमंडल मुख्यालयों में संबंधित जिलों के विद्यार्थियों के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित की जायेगी. बताया गया कि इस बार भी प्रवेश परीक्षा एक ही स्तर पर होगी.
एक ही पाली में ढाई घंटे की परीक्षा में 100 अंकों के प्रश्न पूछे जायेंगे। जिसमें पांचवीं कक्षा स्तर के मानसिक योग्यता, हिंदी, गणित, विज्ञान एवं सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्न पूछे जायेंगे.
उपरोक्त प्रत्येक बिषय केे पांच अंकों के प्रश्न वस्तुनिष्ठ व 15 अंकों के विषयनिष्ट प्रकृति के प्रश्न होंगे. प्रवेश परीक्षा के माध्यम से 100 छात्रों का चयन किया जायेगा तथा चयनित छात्रों के चिकित्सीय जांच व सभी प्रमाण पत्रों के सत्यापन के बाद नामांकन लिया जायेगा. नेतरहाट आवासीय विद्यालय में सिर्फ झारखंड के स्थानीय निवासी का ही नामांकन लिया जायेगा.
अभ्यर्थियों को सक्षम प्राधिकार अंचलाधिकारी या अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा निर्गत निवास प्रमाण पत्र देना होगा. छठीं कक्षा में नामांकन के लिए अभ्यर्थी की उम्र एक अगस्त 2022 को 10 बर्ष से 12 बर्ष तक होना चाहिए अर्थात जिनका जन्म एक अगस्त 2010 से 31 जुलाई 2012 के बीच हुआ है. वही प्रवेश परीक्षा में शामिल हो सकते हैं.
इसके साथ ही अभ्यर्थी को झारखंड राज्य के ही किसी भी मान्यता प्राप्त विद्यालय से कक्षा पांच की परीक्षा उत्तीर्ण होना चाहिए. प्रवेश परीक्षा में शामिल होने के लिए किसी तरह का शुल्क देना नहीं पड़ेगा.
आनलाइन आवेदन विद्यालय की वेबसाइट के माध्यम से भरा जा सकता है. जबकि आफलाइन मोड में आवेदन के लिए फार्म स्कूल के वेबसाइट से डाउनलोड करना पड़ेगा.

