
शहर के करीब 9000 सीटों में दाखिले को अभिभावकों की भागम-भाग शुरू
उदित वाणी, जमशेदपुर: शहर के निजी अंग्रेजी स्कूलों में नर्सरी व एलकेजी में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन करने का सिलसिला शुरू कर दिया गया है.
एक अक्तूबर से कई बड़े स्कूलों ने ऑनलाइन आवेदन लेने के लिए अपनी-अपनी वेबसाइट पर विंडो का लिंक उपलब्ध करा दिया है. अभिभावकों को इसपर बच्चों की पूरी जानकारी के साथ डॉक्यूमेंट अपलोड कर ऑनलाइन आवेदन भरना है.
शहर के प्रमुख स्कूलों में करीब 9000 सीटें हैं, इनमें दाखिले के लिए 20 हजार से भी अधिक बच्चों के आवेदन स्कूलों में हर साल जमा किए जाते हैं. इस बार कुछ स्कूलों ने सितंबर माह में ही एडमिशन के लिए ऑनलाइन आवेदन मंगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी, अब एक अक्टूबर से बाकी के अन्य स्कूलों ने भी आवेदन लेने का सिलसिला शुरू कर दिया.
आवेदन के आधार पर जनवरी के तीसरे हफ्ते बच्चों की लॉटरी होगी, जिसके आधार पर नामांकन के लिए लिस्ट जारी की जाएगी. लिस्ट के आधार पर मार्च तक दाखिले होंगे और मार्च के पहले हफ्ते से नए सत्र की कक्षाएं शुरू की जाएंगी.
जिन स्कूलों में शनिवार को आवेदन की प्रक्रिया शुरू की गई उनमें लोयोला स्कूल टेल्को जैसे स्कूल शामिल हैं. लोयोला टेल्को में एलकेजी में 01 अक्टूबर से 05 नवंबर तक आनलाइन आवेदन किए जा सकते हैं.
इसी तरह गुलमोहर स्कूल टेल्को (नर्सरी) में 01 से 15 अक्टूबर तक, राजेंद्र विद्यालय साकची (एलकेजी) में 01 से 31 अक्टूबर, जेपीएस बारीडीह (नर्सरी) में 01 से 31 अक्टूबर (ऑनलाइन), तारापोर एग्रिको (एलकेजी) में 01 से 31 अक्टूबर तक आवेदन जमा किया जा सकता है.
इससे पहले 25 सितंबर मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल (एमएनपीएस) में दाखिले के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई तो चर्च स्कूल बेल्डीह में सोमवार से एडमिशन के लिए आवेदन लेने की प्रक्रिया शुरू की गई.
इससे पहले एआईडब्ल्यूसी बारीडीह में नर्सरी में एडमिशन के लिए 19 सितंबर से ही ऑनलाइन आवेदन लिए जा रहे हैं. इसी तरह एमएनपीएस में नर्सरी में 25 सितंबर से 30 अक्टूबर तक आवेदन लिए जाएंगे.
चर्च स्कूल में 26 सितंबर से एलकेजी के लिए ऑफलाइन मोड पर आवेदन पत्र उपलब्ध कराए जाने लगे. 30 नवंबर तक यहां आवेदन दिए जाएंगे.
इन स्कूलों में भी लिए जाएंगे आवेदन
चिन्मया विद्यालय टेल्को (नर्सरी) में 05 से 25 अक्टूबर, एलएफएस टेल्को (नर्सरी) में 10 से 19 अक्टूबर, विवेक विद्यालय गोविंदपुर (नर्सरी) में 10 से 15 अक्टूबर, केपीएस कदमा (नर्सरी) में 10 अक्टूबर से 31 अक्टूबर, केपीएस मानगो (नर्सरी) में 10 से 31 अक्टूबर, जेएच तारापोर धतकीडीह ( एलकेजी) में 11 अक्टूबर से 05 नवंबर, सेंट मेरीज इंग्लिश स्कूल बिष्टूपुर (नर्सरी-एलकेजी) में 12 से 22 से अक्टूबर, काशीडीह हाईस्कूल (नर्सरी) में 13 से 19 अक्टूबर, जुस्को स्कूल कदमा (नर्सरी) में 13 अक्टूबर से 19 अक्टूबर, जुस्को साउथ पार्क स्कूल (नर्सरी) में 13 अक्टूबर से 19 अक्टूबर डीबीएमएस इंग्लिश स्कूल कदमा (एलकेजी) में 14 से 31 अक्टूबर, बाल्डविन फॉर्म एरिया स्कूल कदमा (नर्सरी) में 14 अक्तूबर से 14 नवंबर, हिलटॉप स्कूल टेल्को (नर्सरी) में 17 से 31 अक्टूबर, डीपीएस साकची (नर्सरी) में 17 से 22 अक्टूबर, लोयोला स्कूल बिष्टूपुर (एलकेजी) में 21 से 26 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है.
