
उदित वाणी, जमशेदपुर: आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में देश में हर घर तिरंगा अभियान में भाग लेने के लिए उत्साह देखा जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हर घर तिरंगा लगाने की अपील का देश भर में असर जा रहा है.
कॉन्फ़ेडरेशन ऑफ आल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल और राष्ट्रीय सचिव सुरेश सोंथालिया ने बताया कि एक अनुमान के अनुसार देश भर में 25 करोड़ से ज्यादा घरों पर तिरंगा लगाए जाने की संभावना है.
23 जुलाई के आस पास देश भर में 4 करोड़ तिरंगा ध्वज का स्टॉक था लेकिन पिछले 12 दिनों में व्यापारियों और कपडा मिलों द्वारा दिन रात मेहनत कर लगभग 10 करोड़ झंडे तैयार किए गए हैं.
उन्हें पूरी उम्मीद है की 15 अगस्त से पहले देश भर में लगभग 30 करोड़ झंडे तैयार हो जाएंगे और देश में 13 अगस्त से 15 अगस्त तक जिधर भी निगाह जाएगी, उधर तिरंगा ही लहराता दिखाई देगा.
उल्लेखनीय है कि दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब, तमिलनाडु, ओडिसा, बिहार ,राजस्थान, झारखण्ड, पश्चिम बंगाल,आंध्र प्रदेश आदि राज्यों में बड़े स्तर पर तिरंगे झंडे तैयार करने का काम चल रहा है.

