
उदित वाणी, झारखंड : विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर बीएमसी समूह द्वारा एक सराहनीय सामाजिक पहल की गई। इसके तहत बीएमसी मेटलकास्ट प्राइवेट लिमिटेड, बीएमसी फेरोकास्ट प्राइवेट लिमिटेड एवं प्रकर्ष कास्टिंग प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संयुक्त रूप से प्रकर्ष कास्टिंग परिसर, गम्हरिया में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। ब्रह्मानंद नारायणा मल्टी-स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के तकनीकी सहयोग से इस शिविर में कुल 90 यूनिट रक्त का संग्रह किया गया। इस शिविर के आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना था।
एमडी दीपक डोकानिया ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ
इससे पूर्व, रक्तदान शिविर का विधिवत शुभारंभ बीएमसी समूह के प्रबंध निदेशक (MD) दीपक डोकानिया द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस मौके पर अपने संबोधन में श्री डोकानिया ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उद्योगों को केवल आर्थिक विकास तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि सामाजिक विकास में भी अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
सीएसआर (CSR) के तहत समाज के प्रति प्रतिबद्धता
दीपक डोकानिया ने आगे कहा कि बीएमसी समूह हमेशा से एक भविष्य उन्मुख एवं प्रगतिशील संगठन रहा है, जो आधुनिक नेतृत्व, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सतत विकास के सिद्धांतों पर कार्य करता है। यह रक्तदान शिविर कंपनी की कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) पहल के अंतर्गत आयोजित किया गया, जो समाज के प्रति बीएमसी की गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने इसे केवल एक कार्यक्रम न मानकर बीएमसी समूह की सामाजिक सहभागिता की एक नई शुरुआत बताया। उन्होंने एलान किया कि आने वाले समय में कंपनी शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण एवं सामुदायिक विकास से जुड़े अनेक सीएसआर कार्यक्रमों का आयोजन करेगी, जिससे समाज के अधिक से अधिक लोगों तक सकारात्मक प्रभाव पहुंचाया जा सके।
गरिमामयी उपस्थिति और आभार प्रकट
बीएमसी समूह ने इस पुनीत कार्य में हिस्सा लेने वाले सभी रक्तदाताओं, ब्रह्मानंद नारायणा हॉस्पिटल की चिकित्सा टीम एवं आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी व्यक्तियों के प्रति दिल से आभार व्यक्त किया है। प्रबंधन ने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों के आयोजन के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। इस विशेष अवसर पर जया दोकानिया, दीपाली दोकानिया, रोहिल दोकानिया, महिमा दोकानिया, निशांत सिंह, मुकेश कुमार, निशा अग्रवाल सहित कंपनी के कई अधिकारी, कर्मचारी और प्रबुद्ध लोग उपस्थित थे।

