
उदित वाणी, पोटका : पोटका प्रखंड के प्रसिद्ध मुक्तेश्वर धाम हरिणा में रोजो संक्रांति के उपलक्ष्य पर आयोजित होने वाले कोल्हान के सबसे बड़े पांच दिवसीय ‘हरिणा मेला’ का भव्य शुभारंभ आज सोमवार से होने जा रहा है। मेला के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। मुक्तेश्वर धाम आश्रम कमिटी और प्रशासनिक अधिकारी मेला क्षेत्र में व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए युद्धस्तर पर जुटे रहे। सोमवार सुबह पारंपरिक ‘पातभोक्ता अनुष्ठान’ के साथ इस ऐतिहासिक मेले का विधिवत आगाज होगा।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष जोर, विधायक ने की बैठक
मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसे लेकर स्थानीय पोटका विधायक संजीव सरदार ने रविवार को खुद हरिणा पहुंचकर मुक्तेश्वर धाम आश्रम कमिटी के सदस्यों के साथ घंटों अहम बैठक की। इस दौरान उन्होंने मेला परिसर का मुआयना कर तैयारियों का जायजा लिया और प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि वर्तमान में मुक्तेश्वर धाम एक प्रमुख पर्यटन एवं आस्था केंद्र के रूप में स्थापित हो चुका है। हरिणा मेला में झारखंड के अलावा पड़ोसी राज्य ओडिशा और पश्चिम बंगाल समेत तीन राज्यों से प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को सुगमता से पूजा-अर्चना और मेला भ्रमण का अवसर मिले, इसके लिए प्रशासन और मेला कमिटी को आपसी समन्वय के साथ मुस्तैद रहने को कहा गया है।
विधायक संजीव सरदार ने निभाई परंपरा, बांटे अंगवस्त्र
समिति के साथ बैठक पूरी होने के बाद विधायक संजीव सरदार ने अपनी वर्षों पुरानी परंपरा को निभाते हुए हरिणा मंदिर के पुजारियों एवं पातभोक्ताओं के बीच अंगवस्त्र का वितरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वे विगत कई दशकों से हरिणा मेला शुरू होने के एक दिन पूर्व पुजारियों एवं पातभोक्ताओं को वस्त्र भेंट करते आ रहे हैं और यह सामाजिक-धार्मिक परंपरा आगे भी जारी रहेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि सोमवार को मेला के शुभारंभ के पावन अवसर पर उनके द्वारा पातभोक्ताओं एवं श्रद्धालुओं के बीच चना-गुड़ और शीतल शरबत का वितरण भी किया जाएगा। विधायक ने सभी भक्तों से मेला में पहुंचकर इस भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की है।
बैठक में मेला कमिटी और प्रबुद्ध ग्रामीण रहे मौजूद
निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक के दौरान क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इनमें मुख्य रूप से मुख्य पुजारी सह ग्रामप्रधान बज्रांकन दंडपात, आश्रम कमिटी के अध्यक्ष दीपंकर सीट, पुजारी विकास पंडा, राखु प्रहराज, अम्बुज दंडपात, राकेश दंडपात तथा मेला कमिटी के सितांसु नायक, रशानन्द सीट, अनिरुद्ध नायक, अमल सीट, खिरोद सीट, सरोज सीट, सूरज नायक, अमित कालिंदी, सनातन सरदार समेत अन्य सदस्य और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।

