
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा मोटर्स ने जमशेदपुर प्लांट में 13 जून शनिवार को ब्लॉक क्लोजर करने का फैसला लिया है. कंपनी के अनुसार, बाजार में मांग (डिमांड) में कमी आने के कारण यह कदम उठाना पड़ रहा है. 19 मार्च 2026 को हुए मेमोरेंडम ऑफ सेटलमेंट के प्रावधान के मुताबिक सभी बरगेनेबल कर्मचारियों को इसकी आधिकारिक सूचना जारी कर दी गई है.
प्रभावित कर्मचारियों को दिन के 50 फीसदी समय के लिए प्रिविलेज लीव /या कैजुअल लीव लेनी होगी. बाकी 50 फीसदी समय के लिए कंपनी सामान्य वेतन/मजदूरी का भुगतान करेगी. कंपनी ने बताया कि गाड़ियों की कम उत्पादन के कारण असेम्बली लाइन को अब केवल एक शिफ्ट में चलाया जा रहा है. इस वजह से ब्लॉक क्लोजर का फैसला लिया गया है.
जिन कर्मचारियों को ब्लॉक क्लोजर के दौरान काम पर बुलाया जाएगा, उनके लिए संबंधित डिवीजन/विभाग प्रमुख द्वारा अलग से नोटिस जारी किया जाएगा. ऐसे कर्मचारी सामान्य कार्य दिवस की तरह ड्यूटी पर रिपोर्ट करेंगे. जो कर्मचारी बुलाए जाने के बावजूद ड्यूटी पर नहीं आ पाएंगे, उन्हें उस दिन के लिए लीव अटेंड करनी होगी.
ब्लॉक क्लोजर से पहले या बाद के दिनों के लिए कोई लीव स्वीकृत नहीं की जाएगी. नोटिस में सभी कर्मचारियों से सहयोग की अपील की गई है. यह ब्लॉक क्लोजर टाटा मोटर्स जमशेदपुर प्लांट में उत्पादन व्यवस्था को मांग के अनुरूप समायोजित करने के लिए लिया गया कदम है. जमशेदपुर प्लांट कंपनी का प्रमुख वाणिज्यिक वाहन विनिर्माण केंद्र है.

