
उदित वाणी, जमशेदपुर : यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” अभियान के तहत टाटानगर रेलवे स्टेशन पर एक शातिर चोर को चोरी के पर्स के साथ गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता मिली है. संयुक्त कार्रवाई में पकड़ा गया आरोपी पहले भी कई बार चोरी के मामलों में जेल जा चुका है.
जानकारी के अनुसार, मंडल सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ चक्रधरपुर मंडल और रेल पुलिस अधीक्षक जमशेदपुर के निर्देश पर स्टेशन परिसर एवं ट्रेनों में विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है. इसी दौरान आरपीएफ टाटानगर और जीआरपी टाटानगर की संयुक्त टीम की नजर एक संदिग्ध युवक पर पड़ी. पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी किया गया मनी पर्स बरामद किया गया.
गिरफ्तार युवक की पहचान मोहम्मद सद्दाम उर्फ राजा बाबू (21 वर्ष) के रूप में हुई है, जो कपाली क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है. जांच में सामने आया कि आरोपी ने बीती रात टाटानगर रेलवे स्टेशन परिसर में एक यात्री की जेब से पर्स चोरी कर लिया था. हालांकि सुरक्षा बलों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के कारण वह ज्यादा देर तक बच नहीं सका और चोरी के सामान के साथ धर लिया गया.
पुलिस रिकॉर्ड की जांच में यह भी पता चला कि आरोपी आदतन अपराधी है. वह पूर्व में भी चोरी के मामलों में तीन बार रेल थाना टाटानगर से जेल जा चुका है तथा उसके खिलाफ कई अन्य मामले दर्ज हैं.
पूरी कार्रवाई पोस्ट कमांडर आरपीएफ टाटानगर एवं जीआरपी थाना प्रभारी के पर्यवेक्षण में आरपीएफ के एएसआई बलबीर प्रसाद के नेतृत्व में संपन्न हुई. गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए रेल थाना टाटानगर को सौंप दिया गया है.
रेलवे सुरक्षा एजेंसियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपने सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत आरपीएफ या जीआरपी को दें. अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के लिए ऑपरेशन यात्री सुरक्षा आगे भी लगातार जारी रहेगा.

