
उदित वाणी जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित बेलीबोधन घाट के समीप शनिवार तड़के पुलिस ने एक युवक को अवैध हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर संभावित आपराधिक घटना को टाल दिया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के पास से एक लोडेड देशी पिस्टल और एक जिंदा गोली बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि बेलीबोधन घाट के आसपास एक युवक हथियार लेकर घूम रहा है और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) और पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर के मार्गदर्शन में बिष्टुपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम जैसे ही बेलीबोधन घाट पहुंची, वहां मौजूद एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। संदेह होने पर जवानों ने उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान निहाल कुमार गुप्ता (19 वर्ष), निवासी महावीर नगर, आदित्यपुर-2, थाना आरआईटी, जिला सरायकेला-खरसावां के रूप में बताई।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक लोडेड देशी पिस्टल और उसमें लगा एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह लोगों में दहशत फैलाने और डराने-धमकाने के उद्देश्य से हथियार अपने पास रखे हुए था।
इस मामले में बिष्टुपुर थाना में कांड संख्या 69/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)a एवं 26 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हथियार के स्रोत और उसके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

