
उदित वाणी, हजारीबाग : हजारीबाग जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र के बानादाग में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक अपनी जमीन के म्यूटेशन (दाखिल-खारिज) का काम न होने से नाराज होकर एक ऊंचे टावर पर चढ़ गया। टावर पर चढ़े युवक की पहचान विकास कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से चतरा जिले के टंडवा का रहने वाला है। वह वर्तमान में बानादाग एनटीपीसी (NTPC) साइडिंग में काम करता है। इस घटना के बाद से मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई है और स्थानीय लोगों ने सड़क को भी पूरी तरह से जाम कर दिया है।
5-6 महीने से अंचल कार्यालय में अटका है म्यूटेशन
जानकारी के अनुसार, विकास कुमार अपनी जमीन के म्यूटेशन को लेकर पिछले 5 से 6 महीने से अंचल कार्यालय (कटकमदाग) के चक्कर काट रहा था। लंबे समय से मामला पेंडिंग होने और कार्यालय द्वारा कोई उचित कार्रवाई नहीं किए जाने से क्षुब्ध होकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। इस पूरे मामले और हंगामे की जानकारी कटकमदाग के अंचल अधिकारी (CO) सत्येंद्र नारायण पासवान को दे दी गई है।
“CO साहब खुद आएं और म्यूटेशन क्लियर करें, तभी नीचे उतरूंगा”
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस पदाधिकारियों ने टावर पर चढ़े युवक विकास कुमार से टेलीफोन के जरिए संपर्क साधा और उसे समझाने का प्रयास किया। बातचीत के दौरान युवक ने साफ तौर पर कहा कि जब तक अंचल अधिकारी (सत्येंद्र नारायण पासवान) खुद घटना स्थल पर नहीं आते, उनसे बात नहीं करते और उसका म्यूटेशन क्लियर करने का लिखित या पुख्ता आश्वासन नहीं देते, तब तक वह टावर से नीचे नहीं उतरेगा।
मौके पर भारी भीड़, यातायात ठप
इस हाई-वोल्टेज ड्रामे को देखने के लिए बानादाग में घटनास्थल पर भारी संख्या में ग्रामीणों और स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी है। आक्रोशित लोगों और परिजनों ने युवक के समर्थन में सड़क को भी जाम कर दिया है, जिससे इलाके में वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। पुलिस प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

