उदित वाणी जमशेदपुर : मानगो के ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-1 स्थित सड़क किनारे खड़ी बस में लगी आग की घटना को पुलिस ने गंभीरता से लिया है। मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच के लिए एसएसपी ने पटमदा डीएसपी को जिम्मेदारी सौंपी है। जांच टीम को घटना के हर पहलू की गहन पड़ताल करने का निर्देश दिया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आग लगने के कारणों का पता लगाने के साथ-साथ इस संभावना की भी जांच की जाएगी कि कहीं बस को बीमा राशि (इंश्योरेंस क्लेम) प्राप्त करने के उद्देश्य से जानबूझकर आग तो नहीं लगाई गई। प्रारंभिक स्तर पर पुलिस किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और सभी संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
घटना की सच्चाई तक पहुंचने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज जुटाए जा रहे हैं। पुलिस आग लगने से पहले और आग लगने के दौरान की गतिविधियों का बारीकी से विश्लेषण करेगी, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि आग तकनीकी कारणों से लगी या इसके पीछे किसी व्यक्ति की भूमिका रही है।
वहीं, आग के स्रोत और उसके फैलने की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए अग्निशमन विभाग से भी विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। विभाग की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
पुलिस हाल के दिनों में जिले में हुई अन्य अगलगी की घटनाओं का भी अध्ययन कर रही है, ताकि किसी समान पैटर्न या संदिग्ध गतिविधि का पता लगाया जा सके। इसके अलावा बस मालिक, चालक और उससे जुड़े अन्य लोगों से पूछताछ कर घटना की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

