उदित वाणी गिरिडीह: जमुआ प्रखंड के बंगारो गांव स्थित हीरोडीह थाना क्षेत्र में हुए चर्चित हत्या कांड को लेकर अब राजनीतिक और जनाक्रोश दोनों तेज हो गए हैं। मामले में केवल दो आरोपियों की गिरफ्तारी होने और मुख्य आरोपी सहित अन्य नामजद अपराधियों के अब तक फरार रहने पर जमुआ विधायक मंजू कुमारी ने पुलिस की कार्यशैली पर कड़ा सवाल उठाया है।
मृतक के परिजन और ग्रामीण जब न्याय की गुहार लेकर विधायक के पास पहुंचे तो वह स्वयं गांव पहुंचीं और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पूरी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हत्या जैसे गंभीर मामले में पुलिस की कार्रवाई बेहद धीमी है और मुख्य आरोपी अब भी गिरफ्तारी से बाहर हैं।
ग्रामीणों की शिकायत के बाद विधायक ने मौके से ही हीरोडीह थाना प्रभारी को फोन कर फरार आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। लेकिन बातचीत के दौरान माहौल गरमा गया और विधायक तथा थाना प्रभारी के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि थाना प्रभारी ने जनप्रतिनिधि के साथ भी असम्मानजनक व्यवहार किया।
इस घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब एक विधायक की बात को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है तो आम जनता की शिकायतों पर कितना ध्यान दिया जाता होगा। विधायक मंजू कुमारी ने साफ कहा कि हत्या कांड के आरोपियों को किसी भी कीमत पर बचने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही मुख्य आरोपी समेत सभी फरार अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
वहीं क्षेत्र में यह चर्चा भी तेज है कि आखिर हत्या जैसे गंभीर मामले में मुख्य आरोपी अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर क्यों हैं। इसे लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और लोग लगातार त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। दो गिरफ्तारी दिखाकर पुलिस अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती, जब तक मुख्य आरोपी सलाखों के पीछे नहीं पहुंचते तब तक न्याय अधूरा है, यही संदेश लेकर ग्रामीण और जनप्रतिनिधि अब खुलकर प्रशासन पर दबाव बना रहे


