उदित वाणी, जमशेदपुर : आजादनगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-17 स्थित ग्रीन वैली में एक महिला के घर से लाखों रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और मोबाइल फोन चोरी होने का मामला प्रकाश में आया है. घटना को लेकर पीड़िता फरजाना खातून ने आजादनगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कर पुलिस से चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है.
फरजाना खातून के अनुसार, मंगलवार को घर में रखे सोने के कई आभूषण और वीवो कंपनी के दो मोबाइल फोन अचानक गायब मिले. परिवार के लोगों ने घर के कोने-कोने में तलाश की, लेकिन सामान का कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई.
पीड़िता ने बताया कि चोरी हुए सामान में सोने की अंगूठी, झुमका, चूड़ी, कान की बाली, लॉकेट समेत अन्य कीमती जेवरात शामिल हैं. चोरी गए सामानों की कुल कीमत करीब चार लाख रुपये आंकी गई है. उन्होंने बताया कि घटना की रात उनके पति ड्यूटी पर थे, जबकि वह अपनी बेटी के साथ एक कमरे में सो रही थीं. घर की ग्रिल अंदर से बंद थी. सुबह पति के लौटने पर ग्रिल खोली गई, जिसके बाद कुछ समय बाद चोरी की जानकारी मिली.
फरजाना का आरोप है कि चोरों ने ग्रिल के जरिए अंदर से लॉक खोलकर घर में प्रवेश किया और वारदात को अंजाम दिया. उन्होंने यह भी बताया कि पड़ोस की एक महिला ने उनके घर से दो-तीन महिलाओं को निकलते देखा था, जिसके आधार पर उन्हें संदेह है कि घटना में उन्हीं महिलाओं का हाथ हो सकता है.
पीड़िता ने आरोप लगाया कि शिकायत के 24 घंटे बाद भी पुलिस की ओर से कोई ठोस जांच नहीं की गई. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द कार्रवाई की मांग की है.


