उदित वाणी, जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र के मिल्लत नगर में दुकान पर हमला कर फायरिंग करने वाले पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों के पास से एक अवैध देसी पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस, एक स्कूटी और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त खोखा और प्रोजेक्टाइल भी जब्त किया है.
जानकारी के अनुसार, 31 मई की शाम इंडियन जनरल स्टोर के समीप कुछ युवकों ने दुकान मालिक के साथ मारपीट की और दुकान में रखी वेट मशीन समेत अन्य सामानों को क्षतिग्रस्त कर दिया. इसके बाद इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से दो राउंड फायरिंग की गई. पीड़ित की शिकायत पर जुगसलाई थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई.
एसएसपी के निर्देश पर डीएसपी विधि-व्यवस्था सुमित कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने असमउद्दीन उर्फ पलटन, असमान उर्फ राज बच्चा, जफर अली उर्फ मुर्गा राजू, आरिफ अंसारी और अमनदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि घटना के दौरान असमउद्दीन उर्फ पलटन ने फायरिंग की थी. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने अवैध देसी पिस्तौल और एक जिंदा गोली बरामद की. गिरफ्तार आरोपियों में कई का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है. कुछ के खिलाफ जुगसलाई थाना में पहले से लूट, मारपीट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज हैं.
सिटी एसपी का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है. छापेमारी टीम में जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी खां समेत कई पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे.


